CM योगी के जनता दरबार में मची अफरा-तफरी, धक्का-मुक्की में घायल .

लखनऊ, 12 अप्रैल = राजधानी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर बुधवार को अफरा तफरी मच गई। मुख्यमंत्री के जनता दरबार में उनसे मिलने के लिए यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे, जिसकी वजह से लोगों में सबसे पहले आगे पहुंचने को लेकर धक्का-मुक्की शुरू हो गयी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर रोज की तरह बुधवार सुबह ही ही प्रदेश के कोने-कोने से लोगों का आना शुरू हो गया। यह सभी अपनी-अपनी समस्याओं के समाधान के लिए यहां पहुंचे थे। फरियादियों की भीड़ बेहद ज्यादा थी और धीरे-धीरे सभी लोग सीएम आवास गेट पर बड़ी संख्या में जमा हो गए। इसी दौरान अन्दर जाने को लेकर उनमें धक्का-मुक्का शुरू हो गयी। सभी लोगों में पहले अन्दर जाने की होड़ थी।
लावारिश शवों के अन्तिम संस्कार के लिए सिपाहियों को नहीं मिल पा रहा है पैसा
इस वजह से अफरा-तफरी के माहौल में कुछ लोग गिर पडे़। इनमें भगुवा कपड़े पहना एक शख्स गिर गया। इसके अलावा एक विकलांग भी भगदड़ में गिर पड़ा। इसके बावजूद लोगों में आगे पहुंचने की होड़ मची रही। इसके अलावा खरोंच के कारण एक महिला का मामूली रूप से खून भी निकले लगा। बाद में भीड़ कम होने पर नीचे गिरे लोग उठकर सीएम आवास की ओर गये।
योगी आदित्यनाथ ने जब से मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली है, तभी से वह लगातार अपने सरकारी आवास पर आम जनता से मिल रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए पहुंच रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हर फरियादियों के प्रार्थना पत्रों पर शीघ्रता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता की समस्याओं के निस्तारण में रुचि लेकर काम करें। मुख्यमंत्री के पास आने वाले प्राप्त प्रार्थना पत्रों में आर्थिक सहायता, आवास आवंटन, पेयजल, अवैध कब्जे, पेंशन, राजस्व, भू-अभिलेखों में अनियमितता, शादी अनुदान, फर्जी मुकदमे, नौकरी, इलाज आदि से सम्बन्धित समस्याओं का उल्लेख हो रहा है।