69वें गणतंत्र दिवस पर झांकियों ने दिया ‘स्वच्छ भारत-भव्य भारत’ का संदेश

लखनऊ, 26 जनवरी (हि.स.)। राजधानी स्थित विधानसभा में 69वें गणतन्त्र दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण के उपरांत होने वाले परेड में विभिन्न शिक्षण संस्थानों व प्रशासनिक संस्थाओं ने भव्य झांकिया निकली। झांकियों का संचालन लखनऊ विकास प्राधिकरण(एलडीए) ने किया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल राम नाईक व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहे।
इसके पूर्व राज्यपाल रामनाईक ने विधानसभा पर तिरंगा फहराया और उसे सलामी दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
इस मौके पर विधानभवन को इस बार बेहद आकर्षक तरीके से सजाया गया है। जनता में भी पर्व के प्रति उत्साह दिखा। वहीं बच्चों ने भारत माता की जय और वन्देमातरम की जयकारे लगाते रहे। तिरंगे के रंग में दुल्हन की तरह सजा विधान भवन लोगों के मन-हृदय को लुभा रहा था। वहीं परेड में सैनिकों की टुकड़ियों एवं शैक्षिक संस्थानों ने शानदार परेड प्रदर्शन किया। वहीं इस बार धार्मिक महत्व व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण करती झांकियां ज्यादा रही।
परेड में पर्यटन विभाग ने दिखाया प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत
यूपी पर्यटन विभाग की झांकी में महत्वपूर्ण मेले, महोत्सवों व त्यौहारों की छवि झांकी के द्वारा प्रदर्शित की गई, जिसमें गोरखनाथ मंदिर और अयोध्या का दीपोत्सव, मथुरा के बरसाना में मनाई जाने वाली मनमोहक होली का दृश्य रोमांचित किया। वहीं वाराणसी के घाट पर मनाए जाने वाली देव-दीपावली, प्रयाग का कुम्भ मेला के महत्ता से परिचय कराने का भरपूर प्रयास किया गया। झांकी में ताज महोत्सव, लखनऊ महोत्सव, गोरखपुर महोत्सव आदि को सांस्कृतिक विरासतों के साथ दिखाया गया।
उ.प्र. सूचना व जनसम्पर्क विभाग की ओर से निकाली गई झांकी ‛सुबह-ए-बनारस’ ने राजधानी लखनऊ में विश्व की राजधानी कहे जाने वाले प्राचीनतम शहर वाराणसी के विरासतों को दिखाया। झांकी में वाराणसी के खान-पान, रहन-सहन, शास्त्रीय संगीत का प्रतीकात्मक स्वरूप, हवन की महत्ता आदि देखने को मिला।
धार्मिक समरसता व बन्धुता के लिए प्रेरित करती झांकियां
इरम एजुकेशनल सोसाइटी ने ‛भारत अनोखा देश है’ के तर्ज पर ‛अल्पसंख्यक का छँटा अंधेरा-नई रोशनी नया सवेरा’ झांकी निकाला। झांकी में संसद भवन व विधानसभा दिखाया गया और सन्देश दिया कि यहीं से कल्याणकारी योजनाएं पीएम और सीएम द्वारा चलाई जा रही है। वहीं मदरसा के आधुनिकीकरण योजना मिनी आईटीआई के अंतर्गत सिलाई-कढ़ाई करती छात्राएं अध्ययन एवं कौशल के प्रति जागरूक कर रही थी।
सिटी मोंटेसरी स्कूल द्वारा निकाली गई झांकी ने ‛विश्व हमें देता है सबकुछ-हम भी तो कुछ भी देना सीखें’ के तर्ज पर सम्पूर्ण विश्व को परिवार मानने का संदेश दिया। झांकी में एक बालक अपने सिर पर ग्लोब उठाये भारतीय संविधान की भावना के अनुरूप संकल्प ले रहा था कि ‛एक दुनिया को एक करूँगा और धरती को स्वर्ग बनाऊंगा’। वहीं विभिन्न विद्यालयों ने विश्व को शांति, विकास व ज्ञान अर्जित करने का संदेश दिया।
पर्यावरण संरक्षण को प्रेरित एवं किसान की मेहनत को दिखाती झांकी निकली गयी। अमीनाबाद इंटर कालेज ने अपने झांकी से ‛स्वच्छ भारत’ के तर्ज पर स्वच्छता ही जीवन और प्रगति की पहचान है, का संदेश दिया। वहीं लखनऊ पब्लिक स्कूल एवं कालेज ने ‛पर्यावरण बचाओ-स्वच्छता अपनाओ’ के तहत मानव व प्रकृति के सम्बंध को झांकी में दिखाया। झांकी में पर्यावरण को प्रदूषण करने वाले कारकों को दर्शाया गया और निवारण के उपाय भी सुझाए गए। वहीं लखनऊ विकास प्राधिकरण ने राजधानी के बदलते स्वरूप को दर्शाया।
उद्यान एवं खाद्य संस्करण विभाग ने झांकी में ‛बागवानी अपनाएंगे-प्रदेश समृद्ध बनाएंगे’ के तर्ज पर बागवानी फसलों का उत्पादन, मैक्रोइरिगेशन को प्रोत्साहन दिए जाने वाले नजारे दिखाए। पंचायती राज विभाग ने उत्तर प्रदेश को ओडीएफ की ओर बढ़ने के लिए सन्देश ढिया। परिवहन विभाग ने महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा को प्रोत्साहित करने वाले झांकियों को निकाला। झांकी में स्वर्णिम नियमों को प्रदर्शित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 108/102 एम्बुलेंस की झांकी ने आकस्मिक सेवा में उपलब्ध होने का विश्वास जताया। वहीं अबतक के स्थापित कीर्तिमान को भी दिखाया।
महिला विद्यालय डिग्री कालेज ने महिला सशक्तिकरण की झांकी में आत्मसुरक्षा के गुर सिखाए। गुजरात का गरबा नृत्य, पूर्वोत्तर व हरियाणा के नृत्य कला, महाराष्ट्र से आये कलाकारों के भैरवी नृत्य, राजस्थान की चकरी नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।