हाफिज सईद की रिहाई से बढ़ी पाकिस्तान की मुसीबत

लाहौर, 22 नवम्बर : मुंबई हमले के सूत्रधार और जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद अब जल्द आजाद हो जाएगा। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के न्यायिक समीक्षा बोर्ड ने बुधवार को उसकी रिहाई का आदेश जारी कर दिया। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।
विदित हो कि हाफिज गत जनवरी से नजरबंद था और उसकी नजरबंदी की अवधि 24 नवम्बर को समाप्त होने वाली थी। इस बीच नजरबंदी की मियाद को तीन महीने बढ़ाने के पंजाब सरकार के आग्रह को खारिज करते हुए न्यायिक बोर्ड ने सईद की रिहाई का आदेश दिया। ऐसा माना जा रहा है कि गुरुवार को उसकी रिहाई हो सकती है।
समाचार पत्र डॉन के अनुसार, बोर्ड ने कहा, “ अगर जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद किसी अन्य मामले में वांछित नहीं है तो उसकी रिहाई का आदेश दिया जाता है। पिछले महीने बोर्ड ने सईद की हिरासत 30 दिनों के लिए बढ़ाने की इजाजत दी थी। बोर्ड के इस आदेश के बाद सईद की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।
पंजाब प्रांत के गृह विभाग के अधिकारियों से कहा कि अगर हाफिज सईद को नजरबंद नहीं रखा गया तो अंतरराष्ट्रीय समुदाय नाराज हो जाएगा और देश पर वित्तीय प्रतिबंध भी लगाए जा सकते हैं। प्रांतीय सरकार ने इस आधार पर न्यायिक समीक्षा बोर्ड से हाफिज की नजरबंदी और तीन महीने जारी रखने की इजाजत मांगी। लेकिन न्यायिक बोर्ड उनकी दलील से सुतुष्ट नहीं हुआ।
बोर्ड ने संघीय वित्त मंत्रालय के अधिकारी को स्थिति स्पष्ट करने के लिए बुलाया कि कैसे एक व्यक्ति की रिहाई से पूरा देश प्रभावित होगा। अदालत के आदेश के बाद हाफिज ने संवाददाताओं को कहा कि सत्य की जीत हुई है और भारत को एक बड़ा झटका लगा है।
ट्रंप और पुतिन ने फोन पर की लंबी बातचीत
इससे पहले हाफिज के वकील ने अदालत से कहा कि उनके मुवक्किल के खिलाफ कोई सबूत नहीं है और उन्हें अवैध तरीके से हिरासत में रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान सरकार अमेरिका को खुश करने के लिए हाफिज को नतरबंद किए हुई है।
उल्लेखनीय है कि इस साल 31 जनवरी को सईद और चार साथियों अब्दुल्ला उबैद, मलिक जफर इकबाल, अब्दुल रहमान आबिद और काजी कासिफ हुसैन को पंजाब की सरकार ने आतंकवाद विरोधी कानून-1997 और आतंकवाद विरोधी कानून की चौथी अनुसूची के तहत 90 दिनों के लिए नजरबंद किया था।
सईद के चार साथियों को अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में रिहा कर दिया गया था। केवल हाफिज की ही नजरबंदी बढ़ाई गई थी।उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने सईद पर एक करोड़ डॉलर का ईनाम घोषित कर रखा है। (हि.स.)।