सऊदी : घर में लगी आग में 10 भारतीयों की मौत , सुषमा स्वराज ने मदद के लिए भेजी टीम

नई दिल्ली, 13 जुलाई : केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने गुरुवार को कहा कि हम लगातार सऊदी अधिकारियों के संपर्क में हैं। सुषमा ने तुरंत भारतीय स्टाफ को सऊदी रवाना होने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नजरान की दूरी जेद्दाह से 900 किलोमीटर के लगभग है। भारतीय स्टाफ गुरुवार सुबह की पहली फ्लाइट से नजरान पहुंचने का प्रयास करेगा।
सुषमा ने कहा, ‘हमारे अफसर नजरान के गवर्नर प्रिंस जलूवी बिन अब्देलाजीज के संपर्क में हैं।’ दरअसल एक महिला ने बुधवार को अपने पति की जान बचाने के लिए सऊदी के नजरान में आग में फंसे होने पर मदद मांगी थी। सुषमा ने उसके जवाब में बुधवार देर रात कहा कि उनको इस हादसे के बारे में पता है। नजरान सिटी में एक घर में लगी आग में 10 भारतीयों की मौत हो गई। 6 लोग घायल हुए हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत भारतीय दूतावास के अधिकारियों को नजरान में मदद के लिए रवाना होने के निर्देश जारी किये।
उल्लेखनीय है कि सऊदी मीडिया की रिपोर्ट में बताया गया कि इस घटना में 6 घायल हैं, जिनमें से 4 भारतीय हैं। नजरान के गवर्नर प्रिंस जलूवी बिन अब्देलाजीज ने इस घटना की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है। सऊदी में साउथ एशिया के 90 लाख कर्मचारी काम करते हैं।