व्यवस्था परिवर्तन के लिए जनता भाजपा के पक्ष में करेगी मतदान: केशव मौर्य

लखनऊ, 04 जनवरी = भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने आज चुनाव आयोग द्वारा 2017 विधानसभा चुनाव की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र का उत्सव बताया और कहा कि जनता अपने मताधिकार द्वारा समाजवादी पार्टी के कुशासन, भ्रष्टाचार, अराजकता और लूट का अंत करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास और सुशासन के लिए भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनायेगी।
मौर्य ने कहा पिछली बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकारों के भ्रष्टाचार, कुशासन से उ.प्र. की जनता पूरी त्रस्त और पस्त है। सूबे का विकास पूरी तरह अवरूद्ध है और युवा बेरोजगार हंै। उन्होंने कहा कि इसके अलावा किसान की हालत खस्ता है और महिलायें बुरी तरह असुरक्षित महसूस कर रही हैं। गरीब और तंगहाली में चला गया है। कानून व्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवायें पूरी तरह पटरी से उतर गयी हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता जाति-पाति की राजनीति और परिवार के सत्ता स्वार्थो की लड़ाई से पूरी तरह त्रस्त्र और पस्त है। सूबे की व्यवस्था को बदलने के लिए भाजपा ने जन-जन से परिवर्तन के लिए अपील की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ छेड़े गये अभियान एवं सबका साथ-सबका विकास के लिये किये जा रहे कार्यो से जनता उत्साहित है।