मुंबई महापौर की गाड़ी पर लगी लालबत्ती अवैध, कार्यकारी अभियंता को नोटिस

मुंबई, 17 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय परिवहन मंत्रालय द्वारा निकाले गए जीआर के बाद भी मुंबई के महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर की कार में लालबत्ती लगाई गई है। इसको देखते हुए ताड़देव आरटीओ ने मुंबई मनपा के कार्यकारी अभियंता (परिवहन) को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है।
गौरतलब है कि केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने 01 मई 2017 को एक जीआर निकालकर सूचित किया था कि अब राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश और मुख्यमंत्री के अलावा किसी भी वीआईपियों की गाड़ी में लालबत्ती नहीं लगेगी। उसमें महापौर का समावेश नहीं है। ऐसे में मुंबई के महापौर की गाड़ी में लालबत्ती लगना कानूनन अवैध है।
उल्लेखनीय है कि फरवरी माह में विश्वनाथ महाडेश्वर ने महापौर का पदभार संभाला था। महापौर के लिए मनपा प्रशासन ने इनोवा क्रिस्टा कार खरीदी है और वे शुक्रवार से ही इस गाड़ी का उपयोग कर रहे हैं। नोटिस मिलने के बाद मनपा प्रशासन का कहना है कि शुक्रवार को ही उनकी गाड़ी से लालबत्ती हटानी थी, पर वे मातोश्री बंगले पर थे। जिसके कारण लालबत्ती को नहीं हटाया जा सका। पर लालबत्ती को ढंक कर रखा गया है और उसे शीघ्र ही निकाल दिया जाएगा। महापौर का कहना है कि ताड़देव आरटीओ ने जो नोटिस भेजी है, उसकी मुझे कल्पना नहीं थी। नोटिस क्यों भेजी गई है, इस कारण को देखकर जवाब दिया जाएगा।