मध्य प्रदेश उपचुनावः भाजपा ने उम्मीदवारों की सूची जारी की

नई दिल्ली,02 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने प्रदेश की कोलारस विधानसभा सीट से देवेन्द्र जैन और मुंगावली सीट पर बैसब यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति के सचिव जगत प्रकाश नड्डा ने दोनों सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा की। कोलारस और मुंगावली विधानसभा सीट पर केंद्रीय चुनाव आयोग ने चुनाव की घोषणा पहले ही कर दी है।
नामांकन 6 फरवरी तक भरे जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 फरवरी को होगी और नाम वापसी की आखिरी तारीख 9 फरवरी होगी। मतदान 25 फरवरी और मतगणना 28 फरवनरी को संपन्न की जाएगी।
कांग्रेस ने पहले ही अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। कांग्रेस ने कोलारस से महेंद्र सिंह यादव जबकि मुंगावली से ब्रजेश सिंह यादव को उम्मीदवार बनाया है। उल्लेखनीय है कि इन दोनों ही स्थानों पर पहले कांग्रेस के विधायक थे और उनके आकस्मिक निधन कारण ये सीटें रिक्त हुईं हैं।