बोस्निया नरसंहार : 8000 मुसलमानों के कातिल को मिली उम्र कैद की सजा

साराजेवो, 23 नवम्बर : युगास्लाविया के लिए अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायाधिकरण (आईसीटीवाई ) ने बोस्निया के पूर्व सर्ब सैन्य जनरल रात्को म्लादिच को करीब आठ हजार मुसलमानों का नरसंहार कराने के लिए उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह जानकारी गुरुवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
विदित हो कि करीब दो दशक पहले हुए बोस्निया युद्ध के दौरान म्लादिच ने युद्ध का नेतृत्व किया था। इस दौरान किए गये नरसंहार और मानवता के विरुद्ध अपराध के आरोप की सुनवाई कर रही आईसीटीवाई ने 74 वर्षीय उनके अपराध को “मानवता के इतिहास के सबसे जघन्यतम अपराधों में एक” माना।
रोहिंग्या की वापसी के लिए बांग्लादेश और म्यांमार में समझौता
उल्लेखनीय है कि साल 1992 से 1995 तक चले बोस्निया सर्ब युद्ध के दौरान की गई ज्यादतियों के लिए सर्ब नेता रादोवान कराद्जिक और सर्बिया के राष्ट्रपति स्लोबोदान मिलोसेविक पर भी मुकदमा चलाया गया था। आईसीटीवाई ने साल 2016 में कराद्जिक को 40 साल की सजा सुनाई थी। वहीं, मिलोसेविक की साल 2006 में कारावास के दौरान ही मौत हो गई थी।
अदालत ने म्लादिच को आठ हजार निहत्थे मुस्लिम बच्चों और वयस्कों की हत्या का दोषी पाया। म्लादिच की सेना ने स्रेब्रेनिका शहर में मासूम लोगों को इकट्ठा करवा कर उन्हें गोलियों और गोलों से भुनवा दिया था। वह करीब दो दशक तक गिरफ्तारी से बचते रहे थे। उन्हें साल 2011 में सर्बिया में गिरफ्तार किया गया था। (हि.स.)।