फेरीवाला प्रकरण : मनसे पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को नोटिस

मुंबई, 30 अक्टूबर : मुंबई में मनसे कार्यकर्ताओं की ओर से फेरीवालों के साथ मारपीट किए जाने की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने मनसे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को धारा 148 के तहत नोटिस देना शुरू कर दिया है। इस मामले में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम का साथ देने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले भी मैदान में उतर गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जब तक फेरीवाला जोन शुरू नहीं करती है, तब तक फेरीवालों पर कार्रवाई गलत है। उन्होंने फेरीवालों से आम नागरिकों को होने वाली अड़चन की जगह पर न बैठने की अपील की है। साथ ही राज्य सरकार को तत्काल फेरीवाला जोन बनाने की मांग की है।
मुंबई में अपनी राजनीति चमकाने के लिए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने फेरीवालों पर हमला करवाना शुरू कर दिया है। मनसे की ओर से ठाणे, कल्याण, सांताक्रूज, दादर, वाशी व मीरारोड़ स्टेशन में फेरीवालों पर हमला किया गया था। इसके बाद क्रुद्ध फेरीवालों ने मालाड पर हमला करने गए मनसे के पदाधिकारियों पर प्रतिहमला कर दिया जिससे मनसे पदाधिकारी घायल हो गया था। घटना में पुलिस ने सात फेरीवालों पर मामला दर्ज किया गया था।
इसी प्रकार मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम पर भी फेरीवालों को उकसाने का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन आरपीआई नेता व केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने संजय निरुपम की भूमिका को समर्थन दिया है और कहा कि फेरीवालों पर मनसे को हमला करने की बजाए देश की सेना में भर्ती होकर दुश्मनों पर हमला करना चाहिए। फेरीवालों को भी राज्य सरकार द्वारा संरक्षण दिया जाना चाहिए। (हि.स.)।