जिन्ना हाउस में मनाया गया गुड़ी पड़वा .

Maharashtra.मुंबई, 28 मार्च = गुड़ी पड़वा की सुबह आठ बजे भारत का विभाजन कराने वाले मोहम्मद अली जिन्ना के मुम्बई स्थित घर जिन्ना हाउस में गुड़ी पड़वा मनाया गया। सामाजिक संस्थाओं से जुड़े कार्यकर्ताओं ने मुख्यद्वार पर भारतीय परंपरानुसार साड़ी बांधी, गुड़ी लगाईं एवं पुष्प चढ़ाकर पूजन किया।
ये भी पढ़े : आतंकियों को लेकर कानपुर पहुंची NIA टीम, जुटाए साक्ष्य
इसके बाद एक दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। शत्रु संपत्ति कानून संसद में पास होने के बाद अब जिन्ना हाउस सरकारी संपत्ति है। इस कानून के पास होने के बाद यह पहला गुड़ी पाड़वा है, जिसे जिन्ना हाउस पर गुड़ी बांधकर उत्सव के रूप में मनाया गया है।

भाजपा विधायक ने जिन्ना हाउस पर किया प्रतिकात्मक कब्जा

भाजपा विधायक मंगलप्रभात लोढा ने हिन्दू नव वर्ष के पावन अवसर पर महाराष्ट्र के प्रख्यात व पवित्र पर्व गुड़ी पड़वा के अवसर पर जिन्ना हाउस पर गुड़ी खड़ी कर प्रतिकात्मक कब्जा किया।
गौरतलब है कि गत दिनों केंद्र सरकार द्वारा जब संसद में शत्रु संपत्ति बिल पारित किया गया तो मुंबई के जिन्ना हाउस को कब्जे में लेने की मांग उठने लगी। उसी पाश्र्वभूमि पर जिन्ना हाउस के बाहर भाजपा विधायक मंगलप्रभात लोढा ने गुड़ी पाड़वा के पावन अवसर पर गुड़ी खड़ी करके प्रतिकात्मक कब्जा कर लिया है।
बताया जाता है कि शत्रु संपत्ति बिल आजादी के बाद भारत से पाकिस्तान चले गए लोगों की संपत्ति से संबंधित मामला है। जिन्ना हाउस पाकिस्तान के जनक कहे जाने वाले मोहम्मद अली जिन्ना का है और इस संपत्ति पर जिन्ना के वारिसदार वाडिया ने अपना अधिकार जताया था। अब भाजपा विधायक लोढा ने जिन्ना हाउस पर प्रतिकात्मक कब्जा कर लिया है।