गडकरी 836.88 करोड़ की दो परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया

महराजगंज/25 जनवरी (हिं.स.)। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को पनियरा विधानसभा क्षेत्र के परतावल ब्लॉक के पंचायत इंटर कालेज परिसर में 836.88 करोड़ की दो परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
महराजगंज में परतावल ब्लाक के पंचायत इण्टर कॉलेज में विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि केन्द्र सरकार उत्तर प्रदेश का भविष्य बदलना चाहती है और हम यहां के विकास के लिये कटिबद्ध है। उत्तर प्रदेश के विकास के लिये भाजपा सरकार जी-जान से जुटी हुई है, देश और प्रदेश को गरीबी से मुक्त करने का संकल्प लिया है।
केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आज मोदी जी के नेतृत्व में देश निरन्तर विकास कर रहा है। गडकरी ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का शुभारंभ पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने लाल किले की प्राचीर से किया था।अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का समग्र विकास हो रहा है। पहले तारकोल से सड़कें बनती थीं और अब देश-प्रदेश में कंक्रीट और सीमेंट की सड़कें बन रही हैं।
महराजगंज में जनसभा को सम्बोधित करते हुए गडकरी ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मन्त्री केशव मौर्या से कहा कि महराजगंज गन्ना किसानों का इलाका है इसलिए गन्ना किसानों के लिए काम करिए। गडकरी के साथ महराजगंज पहुंचे मौर्या ने कहा कि महराजगंज में सड़कों का सम्पूर्ण विकास हो रहा है।