उत्तर प्रदेशखबरे

केवल यूपी में ही नहीं पांचों राज्यों में खिलेगा कमल: योगी

गोरखपुर, 04 जनवरी=  चुनाव आयोग के यूपी सहित 5 राज्यों में चुनाव तिथि की घोषणा के बाद से ही सियासी दलों ने दम्भ भरने शुरू कर दिये हैं। गोरखपुर में भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने यूपी समेत सभी राज्यों में पार्टी की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि इन राज्यों के चुनाव में अबकी बार कमल ही खिलेगा।

आगे योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप मानकर चलिए कि भाजपा 5 राज्यों में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। साथ ही यूपी में भारी बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। चुनाव के लिए हमलोग पूरी तरह से तैयार हैं। यूपी में परिवर्तन यात्रा संपन्न हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में परिवर्तन रैलियां सम्पन्न हो चुकी हैं।

बूथ कमेटियां पूरी तरह तैयार हैं। हमलोग हर प्रकार से तैयार हैं। हमलोग चाहते हैं कि चुनाव की घोषणा के साथ अब आगे की कार्रवाई शुरू हो। साथ ही भाजपा की अगली सरकार बने। उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा से जनता को मुक्ति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा कोई वंशवादी, परिवारवादी और जातिवादी पार्टी नहीं है। यह लोकतांत्रिक पार्टी है। भाजपा संसदीय बोर्ड और पार्टी का नेतृत्व यूपी के हित के बारे में सोचने और फैसला लेने में सक्षम है। हमारा मुख्य लक्ष्य है उत्तर प्रदेश में विकास विरोधी, गुंडराज और भ्रष्टाचार की प्रतीक सपा और बसपा का सफाया हो।

नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार देश में बहुत अच्छा कार्य कर रही है। दुनिया में आदर्श और मूल्यों की राजनीति के साथ एक आदर्श स्थान उन्होंने बनाया है। प्रदेश में भी उसी तरह से एक सरकार बनेगी। प्रदेश में भाजपा सरकार बनाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 28 लाख रुपए चुनाव खर्च की सीमा निर्धारित की गई है, जो पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद 28 लाख रुपए भी बहुत ज्यादा हो गया। बसपा द्वारा 97 मुस्लिम कैंडिडेट घोषित करने पर उन्होंने कहा कि कोई कुछ भी कर ले सपा-बसपा की असलियत लोग जानते हैं। समय आने पर जनता उसका जवाब भी देगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button
Close