कई माननीयों की सियासी प्रतिष्ठा तय करेगा सातवां चरण का मतदान

Uttar Pradesh.लखनऊ, 08 मार्च (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के सातवें और अन्तिम चरण में जहां 07 जनपदों की 40 सीटों पर मतदान आज जारी है, वहीं इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी जनपद की ओर सभी की निगाहें लगी हुई हैं। इसके अलावा विभिन्न केन्द्रीय मंत्रियों के संसदीय क्षेत्र और समाजवादी पार्टी के निर्वाचन क्षेत्रों के लिहाज से भी पूर्वांचल की ये लड़ाई बेहद अहम है।
वाराणसी जनपद में कुल आठ विधानसभाएं पिंडरा, अजगरा, शिवपुर, रोहनिया, वाराणसी नॉर्थ, वाराणसी साउथ, वाराणसी कैंट और सेवापुरी हैं। भाजपा को इस बार काशी से बहुत उम्मीदे हैं। इसलिए प्रधानमंत्री खुद अपने क्षेत्र में तीन दिन तक सक्रिय रहे। उन्होंने रोड शो से लेकर जनसभाएं की। इसके अलावा कई केन्द्रीय मंत्रियों की फौज से लेकर पार्टी संगठन के पदाधिकारी भी यहां कई दिनों तक डटे रहे। दरअसल भाजपा काशी से पूरे पूर्वांचल में जीत का सन्देश देने की कोशिश में जुटी रही। इसलिए अब देखना होगा कि उसकी के कोशिश कितनी रंग ला पाएगी।
ये भी पढ़े : दस घण्टे तक चले ऑपरेशन के बाद एटीएस ने मार गिराया आतंकी सैफुल्लाह
इसके साथ ही यह चरण कई केन्द्रियों मंत्रियों का क्षेत्र होने के कारण भी बेहद अहम है। यहां उनकी सियासी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इनमें चन्दौली जहां केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का गृह जनपद है। वहीं यह मानव संसाधन राज्य मंत्री डा.महेंद्र नाथ पाण्डेय का संसदीय क्षेत्र भी है। इसके अलावा मिर्जापुर जहां केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल का संसदीय क्षेत्र है वहीं गाजीपुर से केन्द्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा सांसद हैं।
इन सबके साथ सातवें चरण में अखिलेश यादव सरकार के मंत्रिमण्डल में शामिल रहे कई मंत्री भी आज जनता के सामने अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें शाहगंज से ऊर्जा राज्य मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, मिर्जापुर से बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री कैलाश चौरसिया, सेवापुरी से लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, मछलीशहर से भूमि विकास, जल संसाधन व परती भूमि विकास राज्य मंत्री जगदीश सोनकर और मल्हनी से ग्रामीण अभियंत्रण सेवा पारसनाथ यादव शामिल हैं।
इसके अलावा पिंडरा से कांग्रेस विधायक अजय राय, सपा से टिकट नहीं मिलने पर बगावत करने वाले ज्ञानपुर से विधायक विजय मिश्रा, मझवां से बसपा विधायक रमेश बिंद, मोहम्मदाबाद से सिबगतुल्लाह अंसारी, सैयदराजा से सुशील सिंह और जमानियां से अखिलेश सरकार से बर्खास्त किए गए मंत्री ओम प्रकाश सिंह भी मैदान में हैं।